देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना देहरा की टीम ने 27 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जिला देहरा के गठन के बाद अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार वीरवार देर रात को देहरा पुलिस की एक टीम गश्त पर थी। इस दौरान तलाई के समीप दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए। संदेह होने पर जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से 27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों कई पहचान अजय कुमार (32) निवासी गांव नूरपुर, फिरोजपुर (पंजाब) और कृष्णा (25) निवासी जिला सीतामढ़ी (बिहार) वर्तमान निवास टंडारी, लुधियाना (पंजाब) के तौर पर हुई है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।