बहडाला स्थित मंदिर में गुरु रविदास महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं स्थापना समारोह में मौज
श्रद्धालुओं का उत्साह बारिश में भी नहीं हुआ कम
विधायक सतपाल सत्ती संग पूर्व विधायक बलवीर चौधरी ने भी भरी गुरु के चरणों में हाजिरी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। बहडाला स्थित गुरु रविदास मंदिर में गुरु रविदास की मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा एवं स्थापना समारोह मंगलवार को आकाश से बरसी गंगा रूपी बारिश की मधुर बूंदों के बीच भव्य रूप से आयोजित हुआ। पंजाब-हिमाचल के संत समाज ने गुरु रविदास महाराज के प्रेरणादायक शब्दों के उच्चारण के साथ मूर्ति को विधिवत स्थापित किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तों के जयकारों के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं का उत्साह बारिश में भी कम नहीं हुआ। संगत ने जयकारों से क्षेत्र को गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
इस अवसर पर संत निर्मल दास जालंधर वाले, गुरु रविदास साधु संप्रदाय सोसायटी हिमाचल के प्रधान बाबा रविंद्र दास जी खानपुर, संत हीरा जी व अन्य संत महापुरुष मूर्ति के समक्ष अरदास की। समारोह में ऊना सदर के विधायक सतपाल सत्ती और चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक बलवीर चौधरी भी उपस्थित रहे और गुरु महाराज के चरणों में हाजिरी भरी। उन्होंने सभी को गुरु महाराज की शिक्षाओं पर चलने का संदेश दिया।
संत निर्मल दास ने कहा कि गुरु रविदास संपूर्ण मानवता के मसीहा हैं। उन्होंने एकता और भाईचारे का संदेश दिया और अकाल सत्य से लोगों को परिचित कराया। गुरु रविदास कमेटी बहडाला के प्रधान फकीर चंद ने बताया कि ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा निर्मल दास महाराज का भव्य स्वागत किया गया। संगत के इस भारी उत्साह में बहडाला के गुरु रविदास मंदिर में स्वयं गुरु महाराज विराजमान हुए हैं। भारी बारिश के कारण प्रसिद्ध गायक बलराज का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा, लेकिन स्थानीय कलाकार देर रात तक धार्मिक कार्यक्रम में गुरु जी की महिमा का गुणगान करेंगे। इस अवसर पर बलबीर बग्गा, अशोक कुमार, अभिषेक, ज्योति लाल और अन्य सेवादार महिला-पुरुष संगत मौजूद रहे।