चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के लिए पैदल ही जाता हुआ दिव्यांग श्रद्धालु।
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में आने वाले दिव्यांग श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिव्यांग श्रद्धालु चिंतपूर्णी बस स्टैंड से मंदिर तक पैदल चलकर पहुंच रहे हैं। देखने वाली बात है कि यहां मंदिर न्यास के श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दावों की पोल खुलकर सामने आई है।
चिंतपूर्णी मंदिर न्यास की ओर से दिव्यांग श्रद्धालुओं को एंबुलेंस की सुविधा पिछले काफी समय से नहीं दी जा रही है। जिस कारण चलने में असमर्थ व दिव्यांग श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है। एंबुलेंस वाहन श्रद्धालु द्वारा ही काफी साल पहले ट्रस्ट को दान किया गया था ताकि मंदिर तक दिव्यांग श्रद्धालुओं को निशुल्क पहुंचाया जा सके। कुछ दिन तो मुख्य पुलिस बैरियर के पास भक्तों को एंबुलेंस सेवा मिलती रही, लेकिन अब काफी समय से एंबुलेंस सेवा बंद कर दी गई है। जिससे दिव्यांग श्रद्धालु परेशान हैं। न्यास की ये एंबुलेंस गाड़ी कभी सामान के ढोने के लिए इस्तेमाल की जाती है तो कभी मंदिर के अधिकारियों व कर्मचारियों को छोड़ने के काम लाई जाती है। जब श्रद्धालुओं के इस्तेमाल की बात आती है तो चालक या गाड़ी के रिपेयर कार्य होने का तर्क दिया जाता है। कार्यकारी मंदिर अधिकारी और तहसीलदार अंब अभिषेक भास्कर ने बताया कि मामला ध्यान में है। न्यास की एंबुलेंस की पासिंग होनी है। उसके बाद श्रद्धालुओं को एंबुलेंस सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।