भरवाईं (ऊना)। अंब और चिंतपूर्णी क्षेत्र में सोमवार को दिनभर बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे बिजली कट लग गया था, जिसके बाद रात लगभग 8 बजे सप्लाई बहाल हो सकी। लंबे समय तक बिजली बंद रहने से कई लोगों के मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए। वहीं दुकानदारों और घरेलू उपभोक्ताओं को भी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। गर्म पानी, इंटरनेट और अन्य बिजली आधारित काम पूरी तरह प्रभावित रहे।
इस संबंध में विद्युत बोर्ड के जेई मनमोहन सिंह ने बताया कि अंब में 132 केवी लाइन की टेस्टिंग के लिए विशेष टीम आई हुई थी। यह टीम पूरी लाइन और उपकरणों की जांच करती है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं किसी उपकरण को बदलने या मरम्मत की आवश्यकता तो नहीं है।
उन्होंने कहा कि इसी टेस्टिंग कार्य के चलते सुरक्षा की दृष्टि से अंब, चिंतपूर्णी और आसपास के सभी क्षेत्रों की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद रखी गई थी। टेस्टिंग पूरी होने के बाद शाम को सप्लाई सामान्य कर दी गई। हालांकि, लोगों ने मांग की है कि ऐसे कार्यों की पूर्व सूचना समय रहते दी जाए ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।