बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ क्षेत्र के चलोला गांव के निवासी ओम पाल सिंह सहित अन्य निवासियों ने पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो को पत्र लिखकर बसाल-धमांदरी सड़क के निर्माण कार्य में अनियमितताएं बरतने के आरोप लगाए हैं।
करीब 45 वर्षों बाद इस सड़क का अपग्रेडेशन शुरू हुआ है लेकिन कार्य की गुणवत्ता और निष्पक्षता पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वरिष्ठ नागरिक ओम पाल सिंह ने पत्र में बताया कि इस सड़क पर जो पुलिया पहले से बनी हुई है, वह जर्जर हो चुकी है।
उन्होंने मांग की है कि विभाग पुरानी पुलिया को तोड़कर नई पुलिया का निर्माण करवाए। शिकायत पत्र में कहा गया कि विभाग कुछ लोगों की बाउंड्री वॉल तोड़ रहा है जबकि प्रभावशाली लोगों की इन्क्रोचमेंट को अनदेखा किया जा रहा है। गुग्गा मंदिर के पास पहले एक कॉजवे था लेकिन अब ठेकेदार पुलिया की जगह केवल पाइप डालकर पानी की निकासी का प्रबंध कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार कांग्रेस समर्थक ठेकेदारों को भुगतान कर रही है जबकि भाजपा समर्थक ठेकेदारों की उपेक्षा की जा रही है।