ऊना। मैहतपुर थाना क्षेत्र के नंगड़ा गांव में शादी समारोह के दौरान आधी रात को मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि डीजे पर परिवार और रिश्तेदारों के साथ नाच रहे 21 वर्षीय युवक को फोन कर घर से बाहर बुलाया गया और फिर उसके साथ मारपीट की गई।
घटना में युवक की पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नंगड़ा निवासी हर्ष कुमार ने बताया कि 10 नवंबर की रात उसके घर में शादी समारोह चल रहा था। रात करीब साढ़े 12 बजे वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ डीजे पर नाच रहा था।
इसी दौरान सलोह निवासी अनमोल का फोन आया और उसने उसे घर से बाहर आने को कहा। आरोप है कि फोन पर अनमोल और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकियां दीं।
इसके बाद हर्ष ने अपने साथी सुनील कुमार निवासी फतेहपुर से अनमोल की बात करवाई लेकिन उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। शिकायत के अनुसार जब हर्ष और सुनील सड़क की तरफ पहुंचे तो वहां अनमोल अपने साथियों के साथ कार में मौजूद था। वहीं, रोहित कुमार और एक अन्य युवक बाइक पर खड़े थे।
आरोप है कि अनमोल और उसके साथियों ने कार से उतरकर हर्ष के साथ मारपीट शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए जब हर्ष वहां से भागने लगा तो रोहित और उसके साथियों ने उसे दोबारा रोक लिया और मारपीट की। शोर सुनकर परिवार के सदस्य और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अनमोल को पकड़ लिया, जबकि उसके कुछ साथी बाइक पर भाग गए।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि शिकायतकर्ता हर्ष कुमार और मौके पर पकड़े गए अनमोल का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मेडिकल करवाया गया है। हर्ष की शिकायत पर अनमोल, रोहित कुमार, हनी, विशाल कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।