ऊना। जिला में ईमू पक्षियों की खरीद के नाम पर 2.45 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बिलासपुर निवासी एक व्यक्ति ने मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ऊना को शिकायत सौंपी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पक्ष से पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर निवासी सुखदेव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने ईमू पक्षी खरीदने के लिए दिल्ली स्थित एक कंपनी के ऊना में तैनात एजेंट से संपर्क किया था। एजेंट के कहने पर उसने दो अक्तूबर 2012 को चेक के माध्यम से 45 हजार रुपये की पहली किस्त और 29 अक्तूबर 2012 को दो लाख रुपये की दूसरी किस्त का भुगतान किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार पूरी राशि देने के बावजूद उसे तय समय पर ईमू पक्षी उपलब्ध नहीं करवाए गए। जब उसने एजेंट से अपने पैसे वापस मांगे तो वह कथित तौर पर टालमटोल करता रहा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लंबे समय के बाद भी उसे न तो ईमू पक्षी दिए गए और न ही 2.45 लाख रुपये की राशि लौटाई गई।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता और आरोपी पक्ष से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।