ऊना। जिला में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण प्रशासन ने 19 और 20 जून को सभी स्कूल बंद रहेंगे। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी महेंद्र पाल गुर्जर ने आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश प्री-प्राइमरी और प्राइमरी पाठशालाओं के साथ-साथ सभी माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों पर भी लागू होंगे।
जिला दंडाधिकारी महेंद्र पाल गुर्जर ने भीषण गर्मी में छात्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से बचाव के लिए एहतियाती उपाय के रूप में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 19 और 20 जून को बंद रखने का फैसला लिया है। इस दौरान स्कूलों को बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई के लिए डिजिटल माध्यमों के उपयोग करना होगा।
वहीं, आदेश में कहा है कि जिन स्कूलों में 19 और 20 जून को परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां अनिवार्य रूप से परीक्षाएं सुबह 7ः00 बजे से 11ः00 बजे के बीच करवाई जाएं। स्कूलों में परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए पीने के पानी, परीक्षा हॉल में पंखे, कूलर या एसी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
साथ ही विद्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा किट और हीट स्ट्रोक के किसी मामले में तुरंत उपचार के लिए डॉक्टर या नर्स की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने को कहा गया है। विद्यालय स्टाफ और छात्रों को आपातकालीन प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी देने के भी निर्देश दिए गए हैं। गुर्जर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए हैं।