प्रशासन के निर्देशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
परिस्थितियों की समीक्षा के आधार पर लिए जाएंगे आगामी निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला प्रशासन की ओर से वीरवार देर रात भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद रखा। शनिवार से लेकर सोमवार तक पहले से ही छुट्टियां निश्चित हैं। ऐसे में चार दिन लगातार शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। मंगलवार तक भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति कैसी रहती है, उस आधार पर आगामी निर्णय लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने वीरवार देर रात करीब 10 बजे जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को नौ मई शुक्रवार को बंद रखने के आदेश जारी किए। उपायुक्त जतिन लाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34(एम) के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए इस संदर्भ में आदेश जारी किया। यह निर्णय एहतियाती तौर पर लिया गया।
संस्थानों के प्रमुखों को आदेश की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यह आदेश जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू रहा। उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि परिस्थितियों की समीक्षा के आधार पर आवश्यकतानुसार आगे के निर्देश पृथक से जारी किए जाएंगे। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।