बंगाणा (ऊना)। जिला ऊना में अवैध लकड़ी तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए वन विभाग ने कड़े कदम उठाए हैं। डीएफओ ऊना सुशील राणा के नेतृत्व में जिले की सभी प्रमुख सीमाओं पर नाके लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीमें दिन-रात गाड़ियों की जांच कर रही हैं ताकि बिना परमिट या प्रतिबंधित लकड़ी किसी भी हालत में पंजाब या अन्य क्षेत्रों तक न पहुंच सके। डीएफओ ने बताया कि जिले की सीमाओं पर विशेष चौकसी बरती जा रही है और हर आने-जाने वाली गाड़ी की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ स्थानीय ही नहीं बल्कि राज्य के अन्य जिलों से आने वाली गाड़ियों की भी रूटीन चेकिंग की जा रही है। इस दौरान वाहन चालकों से दस्तावेज भी जांचे जा रहे हैं ताकि लकड़ी की तस्करी की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की वन संपत्ति की रक्षा करना वन विभाग का मुख्य दायित्व है और विभाग इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता के साथ निभा रहा है। किसी भी कीमत पर अवैध कटान या तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध कटान पर कार्रवाई, चार गाड़ियां और 31 मोछे पकड़े
प्रतिबंध के बाद वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता भी मिली है। विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार गाड़ियों को अवैध बालन सहित पकड़ा है। इसके अलावा एक ट्राला भी पकड़ा गया जिसमें अवैध रूप से काटे गए खैर के 31 मोछे लोड थे। वन विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटान और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।