भरवाईं (ऊना)। सिविल अस्पताल अंब में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और आधारभूत ढांचे के विस्तार से क्षेत्रवासियों को अब बेहतर व सुलभ उपचार मिल रहा है।
हाल ही में अस्पताल में जनरल सर्जन के रूप में डॉ. हीना शर्मा की प्रतिनियुक्ति पर नियुक्ति हुई है जिसकी लंबे समय से क्षेत्र को आवश्यकता थी। इसके अतिरिक्त अस्पताल में विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. श्रेया शर्मा स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. संदीप कुमार बाल रोग विशेषज्ञ, डॉ. मनिंदर सिंह नेहरियन एमडी एनेस्थीसिया, डॉ. हिमांशु शर्मा नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ. गुरमनपाल सिंह एमडी एनेस्थीसिया (सीएच चिंतपूर्णी) शामिल हैं। विशेषज्ञों की उपलब्धता से अब मरीजों को गंभीर और जटिल बीमारियों के लिए बाहर बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ रहा है।
अस्पताल में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट एवं मैनिफोल्ड सिस्टम स्थापित किया गया है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा नई अल्ट्रासाउंड मशीनें, वेंटिलेटर, एबीजी मशीन, स्लिट लैम्प, रिफ्लेक्टोमीटर, कार्डियक मॉनिटर सहित अन्य आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इन सुविधाओं से अब जांच और उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो पा रहा है।
विधायक सुदर्शन सिंह बबलू अस्पताल में शीघ्र ही हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक स्पेशलिस्ट) की नियुक्ति के लिए भी प्रयासरत हैं, ताकि दुर्घटना एवं हड्डी संबंधी बीमारियों के मरीजों को और बेहतर उपचार मिल सके।