ऊना। जिले में 24 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं विटामिन-ए अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और प्ले स्कूलों में दो से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा (एल्बेंडाजोल) खिलाई जाएगी। वहीं दो से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाई जाएगी। जो बच्चे 24 अगस्त को किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उनके लिए 29 अगस्त को मॉप-अप अभियान चलाया जाएगा।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। दवा खिलाने के बाद बच्चों को 15 से 20 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा ताकि किसी भी प्रतिकूल प्रभाव की स्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
हर स्कूल में नियुक्त होंगे नोडल शिक्षक
निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में एक नोडल शिक्षक नियुक्त किया जाएगा, जिसे स्वास्थ्य विभाग प्रशिक्षण देगा। स्कूलों में कृमि मुक्ति एवं विटामिन-ए से संबंधित जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। अभिभावकों को पहले से सूचित कर विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम), जागरूकता रैलियां और प्रार्थना सभा के माध्यम से स्वच्छता, हाथ धोने और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।
उपनिदेशक जिला प्रारंभिक शिक्षा विभाग सोमलाल धीमान ने बताया कि अभियान के दौरान स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में दवा, सुरक्षित पेयजल और रिपोर्टिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिला और खंड स्तर के अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर इसे सफल बनाने के लिए कहा गया है।