फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: अवैध शराब की टोह लेने पहुंचे कारोबारी के कारिंदे को मारी गोली

Sun, 12 Jul 2026 06:53 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
अस्पताल दौलतपुर से गोली लगने के बाद पीड़ित को टांडा मेडिकल कालेज ले जाते। संवाद
विज्ञापन
दौलतपुर चौक (ऊना)। उपमंडल गगरेट के जोह बह क्षेत्र के डंगोह खुर्द में शनिवार शाम को हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अवैध शराब के कारोबार की जानकारी जुटाने पहुंचे एक शराब कारोबारी के कारिंदे को गोली मार दी गई। गोली उसकी जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, दौलतपुर चौक के एक शराब कारोबारी के कुछ कारिंदे निजी वाहन में सवार होकर जोह बह क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध शराब के कारोबार की टोह लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका सामना डंगोह खुर्द निवासी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको से हुआ। कारिंदों ने उससे पूछताछ शुरू की लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि मोहिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली एक कारिंदे की जांघ में जा लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही भगदड़ मच गई और आरोपी मौके से भाग गया।

घायल को उसके साथी तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक लेकर पहुंचे। वहां तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप नरूला ने बताया कि घायल को अस्पताल पहुंचते ही प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि गोली उसकी जांघ को आर-पार कर गई थी। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसकी लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली गई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

डीएसपी गगरेट अनिल पटियाल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और गोली चलाने की नौबत क्यों आई। जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि की है।

अस्पताल दौलतपुर से गोली लगने के बाद पीड़ित को टांडा मेडिकल कालेज ले जाते। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें