प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर गत दिवस आयकर विभाग की दबिश से धन्नासेठों में हड़कंप मच गया है। आयकर विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र में कथित तौर पर काला धन रखने वाले कारोबारी भूमिगत हो गए हैं। गौरतलब है कि आयकर विभाग ने प्रदेश के करीब चार व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर दबिश दे कर जनता को काला धन बाहर निकालने के साफ संकेत दे दिए हैं।
गगरेट क्षेत्र में आयकर विभाग की ओर से दी गई अचानक इस दबिश से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया है। हालांकि, गगरेट क्षेत्र में यह पहली आयकर विभाग की दबिश है। इससे पहले कुछ व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर सर्वे जरूर हुए। लेकिन इस प्रकार की दबिश से इलाके में हर कोई हैरान है। जहां आयकर विभाग की टीम ने सुनियोजित ढंग से इस दबिश को अंजाम दिया तथा पूरी टीम सुबह से लेकर देर रात तक कारोबारियों का रिकार्ड खंगालने में जुटी रही। उससे यह तो जाहिर हो गया कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई उच्चस्तरीय थी।
उधर, अघोषित आय की घोषणा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है। बहरहाल, आयकर विभाग इस पहल से आम जनमानस को कोई असर नहीं, मगर धन्ना सेठों की नींद जरूर हराम हो गई है।