दुकानदारों से प्रशासन ने अतिक्रमण न करने का किया आग्रह
शहर में अतिक्रमण के चलते आए दिन बढ़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। प्रशासन के दिशा निर्देशाें के तहत इसे लेकर शहर में बीते वीरवार को अभियान भी चलाया गया था। इसे निरंतर रूप से शहर में चलाया जाएगा। व्यापार मंडल ने भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
अतिक्रमण को लेकर एनएच के अलावा शहर के बाजारों में इस अभियान को गति प्रदान की जाएगी। पहले बाजारों में जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान दुकानदाराें को दुकानों के बाहर सामान न रखने के लिए जागरूक किया जाएगा ताकि अतिक्रमण के चलते लोगों को परेशानी न हो।
ऊना के बाजार पहले से ही काफी तंग हैं। ऐसे में अतिक्रमण हाेने से बाजारों से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। इस समस्या को लेकर प्रशासन कई बार दिशा-निर्देश जारी कर चुका है लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। इसके अलावा दुकानों के बाहर पार्क होने वाले वाहनाें के कारण भी अतिक्रमण होता है। इससे कई बार बाजारों में जाम लग जाता है। लोगों को पार्किंग में वाहनों को खड़ा करने का आग्रह किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद अगर कोई नियमों का पालन नहीं करता है तो उस पर प्रशासन नियम के अनुसार कार्रवाई भी करेगा। दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दूसरी तरफ व्यापार मंडल ने भी इस अभियान को सफल बनने के लिए प्रशासन का सहयोग करने की बात कही है। इस दौरान व्यापार मंडल भी दुकानदारों को अतिक्रमण को राेकने के लिए जागरूकता अभियान शुरू करेगा।
कोट्स
अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अभियान शुरू कर दिया गया है। यह निरंतर शहर में चलता रहेगा। लोगाें से आग्रह है कि वे अतिक्रमण न करें।
जतिन लाल, उपायुक्त ऊना।