चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने के दौरान गोविंदा की पत्नी के साथ मंदिर के चिंतपूर्णी मंदिर में
बेटा और बेटी के लिए मांगी मन्नत
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने मंगलवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेका। सुनीता ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में पूजा-अर्चना की और मां के चरणों में फूल चढ़ाए। उन्होंने मां से अपने परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा और उनकी कृपा से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की। सुनीता के साथ उनकी बेटी टीना आहूजा ने भी मां के दरबार में शीश नवाया। पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंदर छिंदा ने उन्हें विधिवत पूजा-अर्चना करवाई।
मंदिर में पूजा करने के बाद उन्होंने मंदिर में हवन भी डाला। सुनीता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह मां चिंतपूर्णी की भक्त हैं। हमेशा मां से अपने परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा है और मां ने हमेशा मेरी मन्नतें पूरी की हैं। उन्होंने कहा कि मां चिंतपूर्णी के दरबार में आकर उन्हें बहुत खुशी मिली है। उनके बेटे की पहली फिल्म आ रही है। उनका बेटा यशवर्धन अपने पिता से भी ज्यादा नाम कमाए और बेटी टीना की जल्दी शादी हो, इसे लेकर माता रानी से प्रार्थना की है। इस मौके पर पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविन्द्र छिंदा, पुजारी भूषण कालिया, प्रकाश कालिया, मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल भी मौजूद रहे।