संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ के अंतर्गत गांव नंगल स्लांगडी में बिना इंडस्ट्रियल एरिया ही आबादी के नज़दीक उद्योग स्थापित कर दिया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह उद्योग उनकी जमीन से लगभग 20 से 30 मीटर दूरी पर ही स्थापित कर दिया है। इससे उनके भवन को नुकसान पहुंच रहा है। मकान में मशीन की लगातार कंपन से दरारें आ गई हैं। इसके अलावा घर में जो हृदय रोग के मरीज़ हैं उनका रहना मुश्किल हो गया है। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि जिस समय इस उद्योग का निर्माण 2024 को शुरू हुआ था, तो भी उन्हें सचेत किया था कि आप इस स्थान से आगे कहीं अपना उद्योग लगा लें लेकिन उद्योग वहां ही स्थापित कर दिया गया है। उसमें कुछ दिन पहले कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुछ समय के बंद कार्य बंद करने का आदेश दिया है। यह भी पता चला है कि उद्योग प्रबंधन ने पंचायत से कोई भी एनओसी नहीं लिया है। शिकायतकर्ताओं ने ग्राम पंचायत से लेकर, उद्योग विभाग, जिला प्रशासन सहित सरकार को भी समस्या से अवगत करवाया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस उद्योग को बंद किया जाना चाहिए।
बाक्स
क्या कहते हैं पंचायत उप प्रधान
पंचायत उप प्रधान महिंद्र सिंह का कहना है कि शिकायतकर्ताओं की शिकायत के आधार पर पंचायत ने मौका देखा है और आगामी 22 अप्रैल को दोनों पक्षों के तथ्यों को ध्यानपूर्वक सुनकर उचित हल निकाला जाएगा। हालांकि अभी तक उद्योग प्रबंधन ने ग्राम पंचायत से उद्योग लगाने के लिए कोई भी एनओ सी नहीं लिया है।