गगरेट (ऊना)। पत्नी का ब्लेड से गला रेतने के बाद खुद का भी ब्लेड से गला काट लेने वाले उपमंडल गगरेट के ओयल गांव के महावीर को गगरेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को उसे अंब न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बनगढ़ जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर में जुड़ी भारतीय दंड संहिता की धारा 326 के तहत की है। उपमंडल गगरेट के ओयल गांव के महावीर के अकसर पत्नी के साथ झगड़े होते रहते थे। कुछ दिन पहले महावीर का पत्नी से झगड़ा हुआ और वह इतने आवेश में आ गया कि उसने पत्नी का गला ब्लेड से रेत डाला। इससे उसकी पत्नी बुरी तरह से घायल हो गई। उसे आस-पड़ोस के लोग घायलावस्था में गगरेट अस्पताल लेकर पहुंचे, तो पीछे से खबर आई कि महावीर ने खुद पर भी ब्लेड से हमला कर लिया है और वह घर से गायब है। इस पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश शुरू की तो वह सोमभद्रा नदी के किनारे गिरा मिला। उसे पुलिस उठाकर उपचार के लिए अस्पताल ले आई।
हालांकि स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर रोष था कि महावीर काे गिरफ्तार नहीं किया गया। पुलिस की दलील थी कि डाॅक्टरों द्वारा मेडिकल रिपोर्ट देने के बाद उसी आधार से मामले में धाराएं जुड़ेंगी और अगर कोई धारा गैरजमानती हुई तो आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। अब मेडिकल रिपोर्ट में डाॅक्टरों ने घातक व गहरे घाव की पुष्टि की है, जिस पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 326 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महावीर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि महावीर को न्यायालय के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बनगढ़ जेल भेज दिया गया है।