संतोषगढ़ (ऊना)। क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और बच्ची का मेडिकल करवाया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार बच्ची के परिजन मजदूरी करने के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान उनका परिचित 39 वर्षीय युवक बच्ची को अपने साथ ले गया। शाम को जब परिजन मजदूरी से वापस लौटे तो बच्ची घर पर नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें उनकी पहचान का ही एक युवक बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे उक्त युवक बच्ची को वापस घर छोड़ गया। हालांकि बच्ची काफी सहमी और डरी हुई थी। इसके बाद परिजनों ने अगले दिन पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के मुताबिक बच्ची को अपने साथ ले जाने वाले युवक की पहचान जितेंद्र कुमार निवासी बिहार के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ बताया कि बच्ची का मेडिकल करवाया है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही आरोपी युवक के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।