अंब (ऊना)। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंब संदीप शर्मा की अदालत ने बुधवार को गगरेट से जुड़े दुकान में आग लगाने और धमकी देने के मामले में आरोपी वरिंद्र कुमार उर्फ बिंदु को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया। इससे पहले भी अंब की एक अन्य अदालत आरोपी को धमकी देने के मामले में बरी कर चुकी है।
पहले मामले में नगर पंचायत गगरेट के वार्ड पांच निवासी मनोज कुमार ने एक मई 2023 को गगरेट थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में जमीन विवाद के चलते दुकानों पर कब्जा करने के लिए आग लगाने और धमकी भरे पत्र भेजने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 436 के तहत चालान पेश किया था। अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 17 गवाह बनाए गए थे। मामले की सुनवाई के बाद 18 नवंबर 2026 को अदालत ने आरोपी को बरी कर दिया। अदालत ने पाया कि शिकायतकर्ता पक्ष आरोपों को साबित करने के लिए साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका।
दूसरे मामले में गगरेट पुलिस ने मनीष कुमार की शिकायत पर 23 जुलाई 2021 को वरिंद्र कुमार के खिलाफ धारा 195ए के तहत मामला दर्ज किया था। शिकायत में गलत गवाही न देने पर अंजाम भुगतने और दोबारा हड्डी तोड़ने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अंब जतिंद्र सिंह की अदालत ने एक अक्तूबर 2026 को फैसला सुनाते हुए आरोपी को बरी कर दिया था।