ऊना। जिला के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद के उत्तराधिकारी हेमानंद महाराज और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के खिलाफ विवादित वीडियो फेसबुक पर अपलोड करने के आरोपी की दो पुलिस थानों में पेशी हुई। इस दौरान पुलिस ने मोबाइल जब्त कर सख्ती से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार फेसबुक पेज संचालक रवि रौनखर की पेशी हरोली और सदर ऊना पुलिस थानों में हुई। हरोली पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद उसका मोबाइल जब्त किया, जबकि सदर ऊना पुलिस ने विवादित वीडियो को लेकर उससे कई सवाल किए।
पूछताछ के बाद आरोपी को घर भेज दिया गया, लेकिन उसे दोबारा बुलाने और क्षेत्र न छोड़ने के निर्देश दिए गए। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में रवि रौनखर ने कहा कि वह डेरा बाबा रुद्रानंद के पवित्र धूना के प्रति आस्था रखते हैं। केवल डेरा उत्तराधिकारी व उपमुख्यमंत्री पर सवाल उठाए थे।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं में भारी रोष है। भक्तों ने अंब, सदर ऊना, हरोली और चिंतपूर्णी पुलिस थानों में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया, जिसमें उन्होंने अपनी आस्था को ठेस पहुंचने की बात कही। एसपी राकेश सिंह ने कहा कि यह मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा है, इसलिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता से जांच कर रही है। संवाद