पैसों की रिकवरी को पंजाब में छानबीन तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी के चंबी क्षेत्र में एक दुकान से डेढ़ लाख रुपये चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने चार दिन की रिमांड पर लिया है। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस चोरी की गई रकम की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस जांच के मुताबिक मामले की जांच कर रहे एएसआई महेंद्र सिंह ने आरोपी से चोरी किए गए पैसों के सुराग जुटाने के लिए अपनी टीम के साथ पंजाब का दौरा किया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने चोरी की रकम खर्च की है या नहीं। और यदि की है तो इसे कहां खर्च किया गया। पुलिस का मुख्य उद्देश्य चोरी की गई पूरी राशि बरामद कर उसे बुजुर्ग दुकानदार को लौटाना है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है और पैसों की रिकवरी के लिए एक विशेष टीम पंजाब भेजी गई है। जल्द ही इस मामले में महत्वपूर्ण खुलासा होने की उम्मीद है।