अदालत ने आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना मैहतपुर क्षेत्र में सोमवार को 10.292 किलोग्राम चूरा पोस्त और 58 नशीले कैप्सूल के साथ पकड़े आरोपियों को अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। आरोपियों को सीआईए स्टाफ ने यातायात जांच के दौरान काबू किया था। बाद में मैहतपुर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार सीआईए ऊना की टीम ने सब्जी मंडी मैहतपुर के नजदीक यातायात जांच में एक कैंटर चालक को रोका, जो नंगल की तरफ से मैहतपुर की तरफ आया। जांच के दौरान चूरा पोस्त और नशीले कैप्सूल बरामद किए। मामले में आरोपी ओमकार सिंह निवासी लोअर देहलां व सर्वजीत सिंह निवासी अपर देहलां तहसील व जिला ऊना को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार शाम को आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां दोनों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। पता लगाया जा रहा कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लाए और कहां लेकर जा रहे थे।