चुरुडू में हुआ भाजपा का संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम
जिला पार्षद सुशील कालिया ने बताई मोदी सरकार की उपलब्धियां
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। चुरुडू में मंगलवार को भाजपा का संकल्प से सिद्धि की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता जिला पार्षद सुशील कालिया रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों को प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह दशक विकास, विश्वास और परिवर्तन का गवाह बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को साकार करते हुए गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक और मध्यम वर्ग के जीवन स्तर को उठाने में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। यह सरकार सिर्फ नारों की नहीं, नीति-नीयत और परिणाम की सरकार है। कालिया ने बताया कि जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजनाओं व डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने हर वर्ग को लाभान्वित किया।
पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सुधार, तकनीकी उन्नति और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह सिद्ध किया कि अगर राजनीतिक इच्छाशक्ति हो तो हर क्षेत्र में परिवर्तन संभव है। आज भारत की साख वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है। भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आज गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।