अंब (ऊना)। निकटवर्ती सिद्ध चलेहड़ गांव में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दूसरे का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा शुक्रवार रात के लगभग साढ़े आठ बजे उस समय हुआ जब बाइक को मुबारिकपुर भरवाईं मुख्य मार्ग पर बॉम्बे पिकनिक स्पॉट के पास तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पंकज और संजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए तुरंत सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों घायलों को ऊना रेफर कर दिया। ऊना अस्पताल से संजय को नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
मृतक की पहचान संजय निवासी गांव बलदर नगरोटा सूरियां जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। घायल की पहचान बाइक सवार पंकज निवासी गांव अमरा डाडासीबा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। डीएसपी अंब सृष्टि पांडे का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर सड़क हादसे की जांच शुरू कर दी है।