कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना इकाई ने सामाजिक समरसता दिवस पर प्रवासी मजदूर परिवारों के बच्चों के साथ कार्यक्रम आयोजित कर समरसता का संदेश दिया। परिषद कार्यकर्ताओं ने बच्चों को कॉपियां, पेंसिल, रबर, पेन और अन्य स्टेशनरी सामग्री के साथ जूस व खाद्य सामग्री वितरित कर शिक्षा व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
इकाई मंत्री नवी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के बच्चों तक शिक्षा और संस्कारों का संदेश पहुंचाना है। कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. भीमराव आंबेडकर के समता, न्याय और शिक्षा संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया।