ऊना जिले के रायपुर मलवाड़ी गांव का रहने वाला था युवक
वीरवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने खड्ड से निकाला शव
बद्दी की कंपनी में था तैनात, दोस्त के साथ गया था नहाने
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। नालागढ़ के सेरी खड्ड में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज कुमार, निवासी जिला ऊना, तहसील घनारी गांव रायपुर मलवाड़ी के रूप में हुई है। मनोज ढेरोंवाल में एक निजी कंपनी में तैनात था। बुधवार शाम को वह अपने दोस्त के साथ सेरी खड्ड में नहाने गया था और डूब गया। उसके दोस्त ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। शव वीरवार सुबह खड्ड से निकाला गया और मृतक के परिजन को सूचना दी गई। वीरवार को परिजन नालागढ़ पहुंचे। शुक्रवार को नालागढ़ अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस के अनुसार मनोज अपने दोस्त मोहित गौतम के साथ बुधवार देर रात सेरी खड्ड में नहाने गया था। नहाते समय मनोज गहरे पानी में उतर गया, जबकि मोहित सड़क पर उसका इंतजार करता रहा। जब काफी देर तक मनोज नहीं लौटा तो मोहित अपने कमरे में चला गया। वीरवार सुबह मोहित ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत एनडीआरएफ को बुलाया। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और कुछ ही देर में मनोज का शव पानी से बाहर निकाला गया।
उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।