ऊना। जिले में देर रात डंगेड़ा पुल के पास कार सवार युवकों ने एक युवक से मारपीट की। हमले में युवक घायल हो गया और सिर पर चोट आई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोअर कोटला कलां निवासी उदय सैणी 20 अप्रैल की रात को डंगेड़ा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था। जब वह डंगेडा पुल बरनोह के पास पहुंचा तो पीछे से आई एक कार ने उसकी गाड़ी के आगे आकर रास्ता रोक लिया। शिकायत के मुताबिक कार से दो-तीन युवक बाहर निकले और बहस के दौरान मारपीट पर उतर आए। आरोप है कि एक युवक ने कड़े से उदय सैणी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और उनके सिर से खून बहने लगा।
घटना के दौरान अनिकेत और परेमू ने बीच-बचाव कर पीड़ित को छुड़वाया। पीड़ित ने बताया कि उसने पूरी घटना की वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड की है जिससे आरोपियों की पहचान की जा सकती है। पुलिस थाना सदर ऊना में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि मामले की जांच जारी है।