पंजाब के सीमावर्ती इलाकों से भी सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे
सांपों के देवता गुग्गा जाहर वीर को समर्पित है मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत चक्कसराये के प्रसिद्ध शक्तिपीठ गुग्गा जाहर वीर मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर में दूसरे रविवार को भव्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें ऊना जिले सहित पंजाब के सीमावर्ती इलाकों से भी सैकड़ों श्रद्धालु विशेष रूप से दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। जय गुग्गा जाहर वीर के जयकारों से पूरा चक्कसराये बाजार गूंज उठा। मेले के चलते बाजार में हर प्रकार की दुकानों की सजावट ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। खिलौने, मिठाइयां, पूजा सामग्री और झूलों की दुकानों से सजे बाजार ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को आकर्षित किया।
मंदिर के पुजारी अक्षय कुमार ने बताया कि यह मंदिर सांपों के देवता गुग्गा जाहर वीर को समर्पित है और यह न केवल ऊना जिले के लोगों की आस्था का केंद्र है, बल्कि पंजाब के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में यहां दर्शन करने आते हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि गुग्गा जाहर वीर की कृपा से सांपों के काटने से सुरक्षा मिलती है और जीवन में सुख-शांति आती है। स्थानीय निवासी करण सिंह ने बताया कि यह मेला हर वर्ष बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। प्रशासन, ग्राम पंचायत और स्थानीय स्वयंसेवी संगठन मेले की सुरक्षा, सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। जगह-जगह पुलिस कर्मी तैनात हैं और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी अस्थाई चिकित्सा शिविर लगाया गया है।