टाहलीवाल के बाथड़ी में ट्रक पलटने के बिखरे टमाटर। संवाद
टाहलीवाल (ऊना)। हरोली क्षेत्र के गांव बाथड़ी में वीरवार सुबह टमाटरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदे कई टन टमाटर सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालांकि दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार ट्रक पंजाब से गढ़शंकर मार्ग होते हुए गांव सिंगा स्थित फूड पार्क की तरफ जा रहा था। बाथड़ी गांव की उतराई पर पहुंचते ही ट्रक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक पलट गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाथड़ी का यह खतरनाक मोड़ पिछले कई वर्षों से हादसों का गवाह बना हुआ है। यहां पहले भी कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों ने मांग उठाई है कि इस स्थान पर सुरक्षा दीवार, चेतावनी बोर्ड और स्पीड कंट्रोल के उचित प्रबंध किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क पर बिखरे टमाटरों को हटाने में मदद की। घटना के चलते कुछ समय तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। फिलहाल मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने यह जानकारी दी।