सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई नकाबपोश चोर की तस्वीर
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। अब भगवान के घर भी सुरक्षित नहीं रहे। श्रद्धालु मंदिर में माथा टेककर अपनी आस्था के अनुसार दान करते हैं, लेकिन अब मंदिर भी चोरों के निशाने पर हैं। बुधवार देर रात प्रसिद्ध वरुण देव मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई, जहां चोर मंदिर में रखा दान पात्र ही उठा ले गया।
जानकारी के अनुसार नंगल के मोहल्ला राजनगर से होकर गुजर रही श्री आनंदपुर साहिब हाईडल नहर के किनारे स्थित लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र वरुण देव मंदिर में यह चोरी हुई। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि एक नकाबपोश मंदिर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसता है। वह पहले दान पात्र (गल्ले) का ताला तोड़ने का प्रयास करता है, लेकिन जब ताला नहीं टूटता तो पूरा गल्ला ही कंधे पर उठाकर भाग जाता है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष दिलबाग परमार ने बताया कि यह राहत की बात है कि रविवार को ही गल्ले से पैसे निकाले गए थे, इसलिए उसमें केवल चार दिनों का चढ़ावा ही था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।