दस दिन में थाना बंगाणा पुलिस की दूसरी बड़ी कामयाबी
संवाद न्यूज एजेंसी
लठियाणी (ऊना)। उपमंडल बंगाणा पुलिस ने ठंडी खुई के समीप नाका लगाकर एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 60 पेटी देसी शराब बरामद की है। गाड़ी को विकास उर्फ विशाल निवासी गांव व डाकघर हेबोवाल तहसील गढ़शंकर होशियारपुर चला रहा था। थाना बंगाणा के एसएचओ रोहित चौधरी ने बताया कि वीरवार सुबह स्कॉर्पियो गाड़ी को नाके के दौरान जब रोककर जांच की गई तो उससे शराब की खेप बरामद हुई। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि शराब किस स्थान पर सप्लाई की जानी थी। एसएचओ चौधरी ने कहा कि थाना बंगाणा पुलिस नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। यह पिछले दस दिन में थाना बंगाणा पुलिस की दूसरी बड़ी कामयाबी है। इससे पहले भी एक अन्य मामले में भारी मात्रा में अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।