ऊना। बरसात के मौसम को देखते हुए ऊना शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन कार्य में जुटा हुआ है। जलभराव को रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह टीम बारिश के दौरान और उसके बाद संभावित जलभराव वाले स्थानों पर निगरानी रखेगी तथा पानी की निकासी में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर करने का कार्य करेगी।
शहर के कई हिस्सों में हर वर्ष तेज बारिश के दौरान सड़कों और बाजारों में पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने के साथ दुकानों और घरों तक पानी पहुंचने की स्थिति भी बन जाती है। इसी को देखते हुए नगर निगम ने इस बार पहले से ही व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण शहर में कुछ स्थानों पर जलभराव हुआ था। इसके बाद से निगम प्रबंधन ने बरसात के पानी की निकासी के लिए कर्मचारियों को उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
निगम प्रबंधन की ओर से जल निकासी नालियों को व्यवस्थित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नालियों की सफाई, उनमें जमा गाद और कचरे को हटाने के साथ पानी के बहाव में बाधा बनने वाले अवरोधों को भी हटाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बनने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। नगर निगम प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। नगर निगम के आयुक्त पृथी पाल सिंह ने बताया कि बरसात को लेकर निगम प्रबंधन विशेष रूप से कार्य कर रहा है। संभावित क्षेत्रों के लिए टीमें मुस्तैद हैं।