ठठल पंचायत के वार्ड दो में चल रहा पक्के रास्ते का निर्माण कार्य। संवाद
बड़ूही(ऊना)। उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत ठठल के वार्ड दो में लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। वार्ड में करीब तीन लाख रुपये की लागत से पक्के रास्ते का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। इस रास्ते के बनने से क्षेत्र के लगभग 200 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
लंबे समय से रास्ते की उचित व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पंचायत प्रधान पुष्पेंद्र ठाकुर और वार्ड पंच प्रकाश चंद ने रास्ते के निर्माण के लिए पहल की। करीब तीन लाख रुपये की लागत से करवाए जा रहे इस निर्माण कार्य के पूरा होने के बाद वार्ड के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। स्थानीय निवासी रामपाल, बबू कुमार, तिलक राज और देव राज का कहना है कि पक्के रास्ते की मांग काफी समय से की जा रही थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में खुशी की लहर है। इस सुविधा के उपलब्ध होने से रोजमर्रा के आवागमन में आसानी होगी। पंचायत प्रधान पुष्पेंद्र ठाकुर, उपप्रधान विपन हाकम और वार्ड पंच प्रकाश चंद ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।
वार्ड में पक्के रास्ते की सुविधा न होने के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही थी। रास्ते का निर्माण शुरू होना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत है। इससे खासकर बुजुर्गों और बच्चों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। पंचायत प्रतिनिधियों की पहल से लोगों की पुरानी समस्या का समाधान होने जा रहा है।
-नवीन चौधरी, ठठल
-
गांव में बुनियादी सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है। बरसात के दिनों में कच्चे रास्ते पर चलना मुश्किल हो जाता था लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिलेगी। रास्ते का निर्माण कार्य शुरू करवाना पंचायत प्रतिनिधियों का सराहनीय कार्य है।
-अजय कुमार, ठठल