माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं का उमड़ा हुजूम ।संवाद
श्रद्धालुओं की दोहरी कतार लुधियाना धर्मशाला को कर गई पार
सुगम दर्शन प्रणाली ने धीमी कर दी कतारों की गति, श्रद्धालु हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। दर्शनों के लिए लगी दोहरी लाइनें लुधियाना धर्मशाला निकलते हुए बड़ी उतराई ने नीचे जा पहुंचीं। श्रद्धालुओं को पांच घंटे तक लाइनों में मंदिर पहुंचने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर सुगम दर्शन प्रणाली से दर्शन करने वालों की संख्या भी काफी ज्यादा रही। जहां 500 रुपये प्रति व्यक्ति का शुल्क अदा कर श्रद्धालु लिफ्ट से मंदिर पहुंचते रहे। जानकारी के अनुसार रविवार को 22 हजार श्रद्धालुओं ने मां के पावन दरबार में शीश नवाया। सुगम दर्शन प्रणाली से अधिक श्रद्धालुओं की संख्या होने से लाइनें काफी धीमी गति से चल रही थीं। इससे श्रद्धालुओं को काफी समय लाइनों में ही खड़े रहना पड़ा। भारी भीड़ को देखते हुए दोपहर के समय कुछ समय के लिए सुगम दर्शन प्रणाली बंद भी करनी पड़ी ताकि दर्शनों के लिए लगी डबल लाइनें कुछ छोटी हो सकें।
बॉक्स
भीड़ बढ़ते ही खली सुविधाओं की कमी
बढ़ती भीड़ से निपटने के लिए प्रशासन समय के अनुसार उचित कदम नहीं उठा पाया। इससे श्रद्धालुओं को घंटों धूप और बारिश में लाइनों में ही धक्के खाने पड़े। सुगम दर्शन प्रणाली से आम श्रद्धालुओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। दर्शन स्थल पर सुगम दर्शन वाले उनकी ही लाइनों में घुसते हैं, जिससे लाइनों की गति काफी धीमी हो जाती है। बीते कुछ समय से मां के दरबार में श्रद्धालुओं की अधिक रौनक नहीं देखी गई। ऐसे में सुविधाओं की ओर से किसी का विशेष ध्यान नहीं गया लेकिन रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे। इससे बाजारों में रौनक लौटी, लेकिन श्रद्धालुओं को खासा परेशान होना पड़ा। मंदिर में तैनात होमगार्ड जवानों के प्लाटून कमांडर जागीर लाल ने बताया कि रविवार को 22 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने कड़ी मशक्कत की।