संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। नगर पंचायत अंब के वार्ड नंबर सात में शराब के ठेके के साथ एक अहाते में मंगलवार देर रात अचानक आग लग गई। इस घटना में अहाता मालिक को करीब 15 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात लगभग पौने तीन बजे अहाते के भीतर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। ड्यूटी पर मौजूद अहाता कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना फायर स्टेशन अंब को दी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन के इंजार्ज राकेश कुमार के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस अग्निकांड में अहाते के भीतर रखा किचन टेबल, चूल्हा, पंखा सहित अन्य खाने-पीने का सामान जलकर राख हो गया है।