नारी (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत जेजों मोड़ से टाहलीवाल जाने वाले मार्ग पर कांगड़ गांव के पास खड्ड पर 135 मीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से लगभग 20 गांवों की 40 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
पुल के निर्माण से बरसात के दिनों में आवाजाही बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान खड्ड में जलस्तर बढ़ने से कई बार संपर्क मार्ग प्रभावित हो जाता था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
कांगड़, बढेड़ा, समनाल, भदौड़ी, ललड़ी, पालकवाह और हरोली समेत आसपास के गांवों के लोगों को विशेष रूप से दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। किसानों को पशुओं के लिए चारा लाने और खेतों तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
इन दिनों पुल निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। बेसमेंट निर्माण के लिए जेसीबी और अन्य भारी मशीनरी की सहायता से कार्य किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार पिछले करीब एक माह से निर्माण कार्य चल रहा है और इसे एक से डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थानीय निवासी सुनील दत्त, सुरेश कुमार, मनोज कुमार, दिलावर सिंह, अश्विनी कुमार और महेश चंद ने कहा कि पुल बनने से पूरे हरोली क्षेत्र को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से यह परियोजना संभव हो पाई है। लोगों ने लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर सरकार और विभाग का आभार जताया।
पुल का निर्माण तेजी से किया जा रहा है और निर्धारित समयावधि में इसे पूरा करने के प्रयास जारी हैं। -वरुण कुमार वशिष्ठ, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग हरोली