मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय पीएनबी के एटीएम को तोड़कर लाखों रुपये उड़ाने वाले शातिर गिरोह के सदस्य जिस बड़ी सफेद रंग की गाड़ी में आए थे, उस गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। सूत्रों के मुताबिक अब तक की हुई पुलिस पड़ताल में इस बात का पता चला है कि जिस गाड़ी में शातिर लोग एटीएम लूटने आए थे, उस पर लगी नंबर प्लेट पर जो नंबर अंकित था, वह टेंपरेरी नंबर किसी दुपहिया वाहन का हो सकता है। हालांकि, पुलिस अफसर जांच का हवाला देकर देकर अभी कुछ भी बोलने गुरेज कर रहे हैं।
पता चला है कि शातिर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इससे पूर्व कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पंजाब से हिमाचल आकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह के सदस्य गाड़ियाें में फर्जी नंबर वाली प्लेटों का ही इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस की छानबीन से जांच की दिशा अब दूसरी ओर मुड़ गई है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक जांच किसी नतीजे तक नहीं पहुंचती, कुछ भी खुलकर कहना मुश्किल है। प्रवेश नाके पर एक निजी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है और पुलिस गाड़ी में आए उन शातिरों के चेहरों को पहचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन नकाब होने की वजह से पुलिस को अभी तक इस दिशा में कामयाबी हासिल नहीं हो रही है।
कोट्स
पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने कहा कि जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।