ऊना/गगरेट (ऊना)। जिला में शनिवार देर शाम अचानक छाए बादलों से एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया है। इससे लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली है। कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। तेज हवाओं एवं बादलों के छाने से तापमान में भी गिरावट आई है।
दोपहर के वक्त कड़कती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया था। लेकिन शाम के वक्त चली ठंडी हवाओं के कारण लोग घरों के बाहर निकल गए। शहर निवासी हनी, राम कुमार, बन्नी कुमार, अर्जुन, कृष्ण, रानी, राधू कुमारी एवं अनुराधा का कहना है कि आसमान में घने बादल छाने से मौसम काफी सुहावना हो गया है। इससे उन्हें प्रचंड गर्मी से काफी राहत मिली है। उधर शनिवार शाम गगरेट तथा आसपास के क्षेत्र में धूल भरी आंधी चलने से लोगाें को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां तक नगर की सड़काें में दोपहिया वाहन चलाने वालों ने तो वाहन ही खडे़ कर दिए। वहीं अन्य वाहन चालकाें को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धूल भरी आंधी चलने से लोगाें के घर, दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान धूल से भर गए और सड़कों एवं बाजाराें में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। कई दुकानदाराें ने अपनी दुकानाें के शटर भी गिरा लिए। जबकि गेहूं की कटाई के कार्य में लगे किसानों को भी परेशानी हुई और खेतों में पड़ी हुई तूड़ी भी धूल भरी आंधी के साथ उड़ती दिखाई दी।