प्रसिद्ध चिंतपूर्णी के साथ-साथ अन्य धार्मिक स्थलों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की डगर कठिन हो रही है। कहीं खस्ताहाल सड़कें श्रद्धालुओं की भक्ती परीक्षा ले रही है तो दूसरी ओर चिंतपूर्णी बस स्टैंड पर श्रद्धालु पानी को तरस रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार विभाग और प्रशासन इस अव्यवस्थाओं को लेकर गंभीर नहीं। ऐसे में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले श्रद्धालु अच्छा संदेश लेकर नहीं लौट रहे हैं। इससे प्रदेश की साख को भी कहीं न कहीं क्षति पहुंच रही है। लेकिन इसके बावजूद न जनप्रतिनिधि गंभीर हैं और न ही प्रशासनिक अधिकारी।
चिंतपूर्णी बस स्टैंड पर
पेयजल की आपूर्ति ठप
भटक रहे यात्री, नहीं मिल रहा पानी
पानी नहीं होने पर शौचालय भी बंद
ऊना। पाइप लाइन टूटने से चिंतपूर्णी बस स्टैंड में पेयजल सप्लाई ठप्प हो गई है। माता के मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं पानी न आने के कारण मजबूरन बस स्टैंड में बने शौचालयों को भी बंद कर दिया गया है। इसे बस स्टैंड पर यात्रियों को असुविधाओं से दो-चार होना पड़ रहा है।
रोजाना 500 रुपये खर्च करके टैंकरों से पानी भरवाया जा रहा है। इसका खर्चा सुलभ शौचालय की ओर से वहन किया जा रहा है। यदि कहीं पानी का टैंकर खत्म हो जाए तो बस अड्डे में शौचालयों को बंद कर दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि मामले के संदर्भ में एचआरटीसी को अवगत करवाया गया है। लेकिन बावजूद इसके कोई समाधान नहीं निकला। रमेश कुमार, अजीत सिंह, विरेंद्र कुमार, सुनील, बंटू, हरमेश सिंह समेत वीरवार को बस अड्डे पर मौजूद दिल्ली के से आए श्रद्धालु त्रिनगर निवासी राकेश कुमार शर्मा, दीपिका शर्मा, चंदन गुप्ता, प्रतिमा गुप्ता, गुड़गांव के भावेश सिंह, आरती, पुनीत, रेखा आदि ने बताया कि बस स्टैंड पर पानी की सुविधा नहीं है। इससे भारी परेशानी हो रही है। श्रद्धालुओं ने कहा कि बीते रोज भी बस अड्डे पर पानी नहीं था। वीरवार को भी ऐसे ही हालात हैं। एचआरटीसी के देहरा डिपो के आरएम महेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की कोई समस्या पेश आ रही है तो इसे प्राथमिकता के आधार पर हल कर दिया जाएगा।
इस उबड़-खाबड़ सड़क
पर मुश्किल हुआ सफर
दौलतपुर-मुबारिकपुर, गगरेट मार्ग बदहाल
सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, श्रद्धालु परेशान
दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दौलतपुर-मुबारिकपुर और दौलतपुर-गगरेट मार्ग की हालत खस्ता है। इसे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंजाब से धार्मिक स्थल बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी, चिंतपूर्णी, शिवबाडी और अंबोआ आने वाले श्रद्धालु भारी संख्या में दौलतपुर-मुबारिकपुर सड़क और दौलतपुर-गगरेट से पहुंचते हैं। सड़कों की खराब दशा से जहां प्रदेश की साख को बट्टा लग रहा है, वहीं श्रद्धालुओं को उबड़खाबड़ सड़क पर हिचकोले खाने पड़ रहे हैं। इस सड़क हालत यह है कि यहां बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हैं। विभाग इन गड्ढों को नहीं भर रहा है। पेंचवर्क कररना तो दूर गड्ढों में मिट्टी तक भी नहीं डाली गई। इससे जनता में विभाग के प्रति रोष है। समाजसेवी कैप्टन सुखदेव रतन, विकास चंद, मलकीयत सिंह, सेवानिवृत डीएसपी रमेश ठाकुर, अजय कुमार आदि ने बताया उबड़ खाबड़ सड़क की वजह से दुर्घटना का हर समय खतरा बना रहता है। इससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। उन्हाेंने कहा कि उक्त सड़कों की स्थिति नहीं सुधारी गई लोग लोनिवि के खिलाफ मोर्चा खोल देंगे। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसएस कुटलैहड़िया ने बताया कि सर्दियों में सड़क पर तारकोल आदि बिछाने में दिक्कत हो रही है। मौसम ठीक होते ही सड़क को दुरुस्त कर लिया जाएगा।