अंब (ऊना)। नकड़ोह में शनिवार देर रात एक व्यक्ति ने नशे में चूर होकर अपनी मां और पत्नी के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया। आरोप के तहत विरोध करने पर आरोपी ने उनसे मारपीट कर दोनों को घायल कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार गुरवचन सिंह निवासी नकड़ोह शनिवार देर रात शराब पीकर अपने घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसने पत्नी से दुर्व्यवहार करना आरंभ कर दिया। इसे देखकर उसकी माता भी बहू के पक्ष में आ गई। मां के आने के बाद भी उसमें कोई बदलाव नहीं आया। उसने उनसे भी उलझना शुरू कर दिया। दोनों के विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद मां ने पुलिस को घटना की सूचना देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ढिल्लाें ने बताया कि उत्पात मचाने और मारपीट करने के आरोप में नकड़ोह निवासी गुरवचन को गिरफ्तार किया गया है।