अंब (ऊना)। उपमंडल के तहत गांव अंदौरा में मोबाइल टावर से केबल चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों को तार जलाकर तांबा निकालते रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीव कुमार निवासी ठठल ने बताया कि वह पिछले तीन वर्ष से अंदौरा स्थित मोबाइल टावर पर बतौर टेक्नीशियन कार्यरत है। शनिवार को उसे अचानक टावर बंद होने की सूचना मिली। जब वह टावर की जांच करने पहुंचे तो उन्होंने पाया कि मशीन के साथ लगी लगभग 180 मीटर लंबी तार काटी गई थी। इसी टावर पर कार्यरत उनके अन्य साथी केबल ढूंढने को आसपास के इलाके पर गए तो कुछ दूरी पर झाड़ियों के बीच केबल जलने के बदबू आई। वहां आरोपियों की सीएच नंबर की एक बाइक भी खड़ी हुई थी। जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत अंब थाना में दी। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को केबल जलाते रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों आरोपियों की पहचान गगनदीप और अमित सिंह निवासी अंदौरा के रूप में हुई है। थापा प्रभारी गुरदीप सिंह ढिल्लो ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 के तहत केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।