दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर चौक में शनिवार को सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ आरंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुशील पुंडीर ने किया। इस दौरान स्कूल प्रधानाचार्य सतदेव शर्मा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुभाष चंद तथा एनएसएस के 64 स्वयंसेवी छात्रा-छात्राएं उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि शिक्षा उपनिदेशक सुशील पुंडीर ने स्वयंसेवियों को अपने गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके विचारों को अपने जीवन में लाने का प्रयास करने की नसीहत दी। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम अधिकारी सुभाष शर्मा ने बताया कि अगले सात दिन में स्वयंसेवी पाठशाला परिसर में एनएसएस वाटिका का निर्माण, जल स्रोतों की सफाई, शैक्षणिक सत्र तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।