ऊना। बालीवाल में सोमवार देर रात्रि जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को उपचार एवं मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक महिला सहित तीन लोगों को वारदात के आरोप में नामजद कर लिया है। मामले की तफ्तीश आरंभ कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सिंह पुत्र संसार चंद निवासी बालीवाल का इसी गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को दूसरे गुट के लोगों ने सुरेंद्र सिंह को अकेला देख कर उसे घेर लिया और उससे बहसबाजी करने लग गए। सुरेंद्र सिंह के विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए। उन्होंने सुरेंद्र सिंह की जमकर पिटाई कर डाली। जिसमें वह घायल हो गया। हालांकि, वारदात के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने भी सुरेंद्र सिंह और उनके परिवार पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं, जिनके संदर्भ में तथ्यों की छानबीन की जा रही है। लेकिन, पुलिस ने सुरेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। एसपी सुमेधा द्विवेदी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तफ्तीश की जाएगी।