टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के टाहलीवाल में एटीएम कार्ड का पिन कोड पूछकर एक व्यक्ति से ठगी का मामला सामने आया है। शातिरों ने पीड़ित व्यक्ति के खाते से लगभग 95 हजार रुपये की राशि निकाल ली। व्यक्ति को ठगी का एहसास उस समय हुआ, जब मोबाइल में एकाएक पैसे निकलने के मेसेज आने शुरू हुए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। इसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
संतोषगढ़ निवासी राम कुमार ने बताया कि वह निजी बस में बतौर चालक काम करता है। शनिवार को जब वह काम पर गया हुआ था तो उसके घर के मोबाइल पर एक नंबर 7079076397 से कॉल आई। फोनकर्ता ने खुद को बैंक का एटीएम कार्ड का इंक्वायरी हैड बताकर नया एटीएम कार्ड जारी करने के लिए कोड पूछा।
सके परिजनों ने झांसे में आकर नंबर दे दिया और कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर रुपये निकलने के मैसेज आने लगे जिसे देख उसके होश फाख्ता हो गए। उन्होंने कहा कि देखते ही देखते खाते से लगभग 95 हजार रुपये की राशि गायब हो गई।
और 5 हजार मांगे
पीड़ित राम कुमार ने बताया कि छगी करने वाले के मोबाइल पर पर संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि आप पहले पांच हजार रुपये इस खाते में जमा करवाओ तो आपके रुपये वापस मिलेंगे। क्षेत्र में पहले भी कुछ खाताधारकों को एटीएम कार्ड बनाने के लिए बताए गए कोड से ठगी के मामले सामने आए हैं। डीएसपी अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।