अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशु एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि इतिहास और सैनिकों की शहादत को भूलने वाला राष्ट्र लंबे वक्त तक सुरक्षित नहीं रह सकता।
उन्होंने कहा कि भले ही भारत लंबे वक्त तक गुलामी की जंजीरों में जकड़ा रहा, लेकिन देश के योद्धाओं ने गुलामी को कभी स्वीकार नहीं किया तथा देश की आजादी के लिए हमेशा संघर्षरत रहे। कंवर रविवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद् द्वारा विजय दिवस के अवसर पर डीआरडीए सभागार ऊना में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इससे पहले वीरेंद्र कंवर ने नगर परिषद पार्क ऊना स्थित शहीदी स्मारक में शहीदों के लिए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उन्होंने कहा कि भारत के आजाद होने के बाद देश पर 1948, 1962, 1965 के साथ-साथ 1971 तथा कारगिल युद्ध में देश के वीर जवानों में अपना सर्वोच्च बलिदान करते हुए देश की एकता व अखंडता के बनाए रखा। इससे पहले उपनिदेशक सैनिक कल्याण मेजर रघबीर सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद् के प्रदेशाध्यक्ष यशपाल ठाकुर ने कहा कि 26 जुलाई तथा 16 दिसंबर भारतीय सेना के इतिहास में ऐतिहासिक दिन हैं। इस अवसर पर वीरेंद्र कंवर ने वीर सैनिकों के परिजनों को भी सम्मानित किया। इनमें वीर चक्र प्राप्त हवलदार देव प्रकाश, सूबेदार सीता राम, हवलदार देश राज, हवलदार कीरत सिंह, राइफल मैन मनोहर लाल तथा शिव देव सिंह शामिल हैं।
इससे पहले शहीदों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा तथा उप-निदेशक सैनिक कल्याण ने देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष कॉलेज की छात्राओं और अध्यापकों ने देश भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस दौरान अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद् द्वारा राहत कोष के लिए 20 हजार पये रुका चेक भी मंत्री को भेंट किया। इस अवसर पर उपनिदेशक सैनिक कल्याण मेजर रघबीर सिंह, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद् के प्रदेशाध्यक्ष यशपाल ठाकुर, पूर्व सैनिक लीग के चेयरमैन कैप्टन शक्ति चंद, डॉ. बलदेव डोगरा, हिमोत्कर्ष के प्रदेशाध्यक्ष कंवर हरि सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा, कैप्टन प्रीतम डढ़वाल, मास्टर तरसेम लाल, चमन जीत, हरीश चंद्र शर्मा, पूर्व जिला पार्षद कृष्ण पाल शर्मा, गुरदयाल सिंह, नायब तहसीलदार कुलदीप धीमान, उप-निदेशक एवं परियोजना अधिकारी डीआरडीए राजेंद्र गौतम, जिला पंचायत अधिकारी रमण शर्मा, बीडीओ राजकुमार सहित विभागों के अधिकारी, संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।