गर्भवती के लिए 108 बनी वरदान
बंगाणा अस्पताल से किया था रेफर
एंबुलेंस में करवाया सुरक्षित प्रसव
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। बंगाणा अस्पताल में प्रसव के लिए पहुंची एक प्रसूता को चिकित्सकों ने गंभीर हालत में ऊना अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन 108 एंबुलेंस कर्मियों ने अपनी सूझबूझ से महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया है। इसमें जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार रात को करीब 12 बजे 108 एंबुलेंस के माध्यम से बंगाणा अस्पताल से प्रसूता लीला देवी (33) निवासी कोटला बंगाणा
को गंभीर हालत में ऊना अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़िता को ऊना लाया जा रहा था कि महिला की तबीयत रास्ते में ज्यादा बिगड़ गई। 108 कर्मियों तकनीशियन रविंद्र कुमार ने महिला के वाइटल चेक किए, जो सही नहीं थे। कर्मी रविंद्र ने उच्च स्तरीय चिकित्सकों से परामर्श कर पीड़ित महिला का एंबुलेंस में ही करीब साढ़े बारह बजे सुरक्षित प्रसव करवाया। इसमें जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। दोनों को ऊना अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। 108 रोगी वाहन सेवा ऊना के प्रभारी पंकज शर्मा ने कहा कि पीड़ित महिला को 108 के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। कर्मियों ने पीड़िता का सुरक्षित प्रसव करवाया है। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में 108 की मदद ली जा सकती है।