हरोली (ऊना)।
क्षेत्र के भदौड़ी में सिंचाई योजना ठप होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से उनकी फसल बिना पानी के सिंचित होने से वंचित रह रही है। इस वजह से किसानों में भारी रोष है। पंचायत के पूर्व प्रधान प्रेम सिंह ओजला व सिंचाई स्कीम के प्रधान शशि पाल शर्मा ने बताया कि पिछले कई साल से सिंचाई व्यवस्था ठप पड़ी है। उन्होंने बताया कि सिंचाई स्कीम नंबर 120 में कोई कर्मचारी तैनात नहीं और दरवाजे पर ताला लटका है।
उन्होंने बताया कि 10 नवंबर 2015 को तत्कालीन प्रदेश सरकार के मंत्री ने उद्घाटन किया था लेकिन आज तक यह स्कीम चंद दिन ही सेवाएं दे सकी और हांफ गई। स्थानीय लोगों प्रेम सिंह ओजला, शशि कांत शर्मा, बेअंत सिंह , अमरजीत सिंह, परमजीत सिंह, सुरिंदर सिंह, अवतार लड्डू, जसवीर सिंह, अंकु, ने बताया कि 2015 में सिंचाई व्यवस्था के लिए किए उद्घाटन से मात्र चार दिन चलने के बाद स्कीम ठप पड़ी है। उन्होंने बताया कि उनको 100 कनाल से अधिक कृषि योग्य भूमि पानी से वंचित है। उन्होंने बताया कि स्कीम पर कोई कर्मचारी तक तैनात नहीं है।
स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग से इस मामले पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। सिंचाई विभाग के एसडीओ बीके शर्मा ने बताया कि स्कीम का 2015 में उद्घाटन किया गया था लेकिन तकनीकी कारणों से सिंचाई व्यवस्था सुचारु नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि विद्युत बोर्ड को स्कीम पर बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने के लिए लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्कीम पर जो कमियां हैं, उन्हें दूर कर सिंचाई व्यवस्था को शीघ्र चालू की जाएगी।