अमरा उजाला ब्यूरो
ऊना।
स्थानीय इंदिरा मैदान में जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग ने जिला स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग में लड़के-लड़कियों के लिए 3000 और 16 से 19 वर्ष आयु वर्ग में लड़के-लड़कियों के लिए 5000 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी एमपी भराड़िया ने प्रतियोगिता का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। एसडीएम ऊना पृथीपाल सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों को नकद इनाम देकर पुरस्कृत किया।
इस मौके पर 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग की तीन हजार मीटर लड़कियों की दौड़ प्रतियोगिता में रावमापा ईसपुर की रिया ने पहला, अंदौरा स्कूल की साक्षी ने दूसरा और ऊना की पिंकी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लड़कों की 3000 मीटर दौड़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ईसपुर के रोहित साका, डीएवी स्कूल ऊना के अभिनंदन और पोलियां बीत के जतिन ने क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया।
16 से 19 वर्ष आयु वर्ग की 5000 मीटर लड़कों की दौड़ प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंदौरा के अजय कुमार ने पहला, फायर एंड सेफ्टी इंस्टीट्यूट अंब के ननें वर्मा ने दूसरा तथा राजकीय महाविद्यालय अंब के बादल चौधरी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 5000 मीटर दौड़ में लड़कियों के वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढक्की की नेहा ने प्रथम, अंदौरा की मनुबाला द्वितीय तथा मंदली स्कूल की प्रिया तृतीय स्थान पर रही। एसडीएम ऊना पृथीपाल सिंह ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाडियों को क्रमश: छह हजार, पांच हजार और चार हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया।
इस प्रतियोगिता में अव्वल रहे खिलाड़ी 25 दिसंबर को कुल्लू में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे। इस अवसर पर युवा संयोजिका सुमनलता, कोच कुलदीप, भागीरथ, प्रिंस, संजय, विरेंद्र, चंद्रमोहन भी मौजूद थे।