ऊना। जिले के गांव बल्ह खालसा और कोटला में सर्पदंश के दो मामलों में एक 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। जबकि, एक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। मृतका की पहचान परमजीत कौर पुत्री स्वर्ण सिंह निवासी बल्ह खालसा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पहला मामला बंगाणा क्षेत्र के तहत बल्ह खालसा में पेश आया, जहां स्थानीय निवासी परमजीत वीरवार रात को अपने घर सोई हुई थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। तबीयत बिगड़ती देख परिजन उसे ऊना अस्पताल लेकर आए, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। दूसरा मामला जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव कोटला का है, जहां स्थानीय निवासी त्रिशला देवी (55) वीरवार शाम को अपने घर के समीप काम कर रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे ऊना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। सीएमओ डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सर्पदंश होने पर तुरंत पीड़ित को चिकित्सक के पास ले जाएं। झाड़फूंक के चक्करों में न पड़ें। उधर, एएसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस मामलों के संदर्भ में जांच कर रही है। मामले को लेकर परिजनों के भी बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।